Pinaka Times, Faridabad; 08th January : कर्मचारी यूनियनों के आह्वान पर बुलाई गई देशव्यापी हड़ताल के बीच हरियाणा में भी कर्मचारी हड़ताल पर हैं। हरियाणा रोडवेज के अलग-अलग डिपो में कड़े पुलिस पहले के बीच रोडवेज कर्मचारी प्रदर्शन कर रहे हैं लेकिन लगभग सभी बस अड्डों से हड़ताल के बीच भी बसें चलाई जा रही हैं। रोडवेज कर्मचारी इसका विरोध कर रहे हैं लेकिन पुलिस की मौजूदगी के चलते उनका कोई बस नहीं चला।
गुड़गांव में रोडवेज की 66 बसें रवाना की गईं। इसी तरह भिवानी में लंबी रूट की 10 बसें निकाली गई। सिरसा डिपो में से 5 बसें रवाना की गई। कैथल रोडवेज जीएम ने दावा किया है कि 115 बसें चली हैं। सोनीपत जिले से भी करीब 50 बसें चलाई गई। हरियाणा के सभी डिपो में रोडवेज जीएम, पुलिस व ड्यूटी मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। उनकी मौजूदगी में बसों को रवाना किया जा रहा है। हालांकि आम दिनों की अपेक्षा रोडवेज बस अड्डों पर सवारियों की संख्या भी कम हैं। अम्बाला डिपो में बस रवाना करते वक्त रोडवेज कर्मचारियों और पुलिसकर्मियों के बीच गर्मागर्मी देखने को मिली लेकिन पुलिस ने फिर भी बसों को रवाना कर दिया।
यूनियनों का दावा साढ़े तीन लाख कर्मचारी हड़ताल पर
कर्मचारी संगठनों का कहना है कि प्रदेश के साढ़े तीन लाख कर्मचारी हड़ताल पर हैं। वहीं सरकार ने इस हड़ताल के लिए पूरी तैयारी कर रखी है। सभी विभागों के एचओडी से लेकर डिविजनल कमिश्नर और आयुक्तों को मुख्य सचिव ने वैकल्पिक प्रबंध करने के निर्देश दिए हुए हैं। हड़ताल नहीं करने वाले कर्मचारियों को भी इधर-उधर व्यवस्था संभालने के लिए लगाया गया है। मुख्य सचिव ने ड्यूटी से अनुपस्थित रहने वाले कर्मचारियों की डिटेल भी दोपहर 12 बजे तक भेजने के निर्देश दिए हैं।