Pinaka Times, Faridabad; 6Th January : नागरिकता संशोधन कानून और एनआरसी को लेकर देश भर में हो रहे प्रदर्शनों के बीच केंद्रीय मंत्री और भारतीय जनता पार्टी के कद्दावर नेता पीयूष गोयल ने रविवार को मुंबई में बॉलीवुड सेलेब्स का समर्थन पाने के लिए एक डिनर का आयोजन किया। मगर इस डिनर पार्टी में बॉलीवुड के कई दिग्गज सितारे शामिल नहीं हुए। केंद्रीय रेल मंत्री पीयूष गोयल और भाजपा के उपाध्यक्ष बैजयंत पांडा के साथ डिनर में गीतकार जावेद अख्तर, फिल्म मेकर फरहान अख्तर, कबीर खान, राजकुमार संतोषी, सिद्धार्थ रॉय कपूर, अभिनेत्री दीया मिर्जा, आयुष्मान खुरान, राजकुमार राव और विक्की कौशल शामिल नहीं हुए। यह डिनर मुंबई के एक फाइव स्टार होटल में आयोजित किया गया था, जिसका उद्देश्य नागरिकता संशोधन कानून पर चर्चा करना था।
इस डिनर पार्टी में खास लोगों को ही इनवाइट किया गया था। एक एक तरह से बॉलीवुड सितारों के साथ केंद्रीय मंत्री की क्लोड डोर मीटिंग थी। मीडिया को भी इसमें शामिल होने की इजाजत नहीं थी। हालांकि, सूत्रों ने कहा कि इस आयोजन में करीब 20 शख्सियतों ने शिरकत किया, जिनमें हिंदी टेलीविजन और मराठी फिल्म इंडस्ट्रीज के लोग शामिल थे।
इस मीटिंग में गुजराती टेलीविजन निर्माता और निर्देशक जमनादास मजीठिया, दिलीप जोशी और शैलेंद्र लोढ़ा ने शिरकत किया। इसके अलावा, फिल्म निर्देशक अभिषेक कपूर, राहुल रवैल, कुणाल कोहली, रितेश सिधवानी, प्रज्ञा कपूर और भूषण कुमार, संगीतकार अनु मलिक, शान, कैलाश खेर, रूप कुमार राठौड़ और अभिनेता रणवीर शौरी आदि भी शामिल हुए।
इस मीटिंग को लेकर मुंबई बीजेपी के उपाध्यक्ष हितेश जैन ने कहा कि हम नागरिकता कानून के इतिहास और औचित्य को समझाने और लोगों के किसी भी प्रश्न का उत्तर देने के लिए समाज के सभी वर्गों से संपर्क साध रहे हैं। यह एक बंद दरवाजे की बैठक थी। हम विभिन्न संगठनों के माध्यम मनोरंजन सेक्टर से भी संपर्क साध रहे हैं।
बताया यह भी जा रहा है कि जिस होटल में यह मीटिंग हुई, उसके बाहर कुछ लोगों ने शांत प्रदर्शन भी किया। हालांकि, वहां पुलिस की मौजूदगी भी दिखी।